साइबर सेल की बड़ी सफलता, 1250 मोबाइल पहुंचे असली मालिकों तक

✍️ भागीरथी यादव

 

 

202 लोगों को लौटाए मोबाइल

 

बिलासपुर, 9 अगस्त। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बिलासपुर पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और लगातार पतासाजी के माध्यम से 1250 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए हैं।

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘चेतना अभियान’ के तहत रविवार को ‘अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 30 लाख रुपये कीमत के 202 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। कई लोगों ने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से उन्हें उनके मोबाइल वापस मिल सके।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू (साइबर सेल) की टीम द्वारा तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की तलाश की गई। पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ही सीमावर्ती राज्यों से भी गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल की टीम ने नागरिकों को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही भारत सरकार के ‘संचार साथी’ मोबाइल एप के उपयोग और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक बरामद किए गए 1250 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। मोबाइल बरामदगी और उन्हें स्वामियों तक पहुंचाने के मामले में बिलासपुर पुलिस को प्रदेश में प्रथम बताया गया है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं एसीसीयू मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलवार, सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और मोबाइल धारक मौजूद रहे। पुलिस ने अभियान का संदेश दिया— “आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास।”