✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र में युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी की पहचान रामा सोरी (29), निवासी बुधवार बाजार के पास, कोरबा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की रात करीब 9.30 बजे 24 वर्षीय युवती बाजार से पैदल अपने घर लौट रही थी। रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर एक युवक ने उसका हाथ पकड़कर मारपीट की और करीब 15 हजार रुपये कीमत का रियलमी मोबाइल छीनकर फरार हो गया था। शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान की। रविवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बुधवार रेलवे किनारे बस्ती में घेराबंदी कर रामा सोरी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन (मॉडल RMX 3944) बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में लूट की धारा भी जोड़ी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें सीएसईबी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रमोद पटेल, प्रधान आरक्षक गोविन्द सिंह और आरक्षक रितेश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
