✍️ भागीरथी यादव
कटघोरा के डुमरमुड़ा के पास मिला था शव, हत्या के बाद पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप; एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास 8 अगस्त को मिले जली हुई महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मृतिका की पहचान ग्राम अमलडीहा निवासी महिला के रूप में की है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने महिला की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नितेश कुमार ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में कटघोरा थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
गुमशुदगी से मिला मृतिका का सुराग
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के गांवों में पूछताछ के साथ थाना क्षेत्र के गुम इंसान मामलों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पता चला कि ग्राम अमलडीहा निवासी एक महिला शुक्रवार रात से लापता है। महिला के हुलिए और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने जले हुए शव की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना से पहले शाम को महिला को ग्राम अमलडीहा निवासी किरण कुमार पटेल और अजय कुमार धनवार के साथ देखा गया था। इसके बाद दोनों संदिग्धों की तलाश शुरू की गई, लेकिन घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे।
पूछताछ में हत्या की कहानी सामने आने का दावा
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में उसने घटना में संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ किए जाने के बाद उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद महिला और अजय कुमार धनवार के बीच पूर्व परिचय के चलते शारीरिक संबंध बने। बाद में किरण कुमार पटेल द्वारा भी महिला की इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाने का प्रयास किए जाने पर विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।
शव को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप
हत्या के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने महिला के शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से मिले भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है।
मामले में किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल, निवासी अमलडीहा, थाना कटघोरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दूसरा आरोपी अजय कुमार धनवार, पिता किताब धनवार, निवासी अमलडीहा फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार मामले में वैज्ञानिक, तकनीकी, भौतिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। प्रकरण में आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है। मामले में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
