✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के वन्य ग्राम डूमरमुड़ा स्थित सागौन बाड़ी में शनिवार को मिली अर्धनग्न और अधजली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने के विवाद में की गई। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

शनिवार को ग्रामीणों ने सागौन बाड़ी में महिला का शव पड़ा देख इसकी सूचना कटघोरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित रखवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नितीश ठाकुर, एसडीओपी विजय राजपूत, फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. सत्यजीत कोसरिया और थाना प्रभारी एमबी पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके से महिला की टूटी हुई चूड़ियां और कुछ रुपये बरामद हुए।
चेहरा जलने से पहचान बनी चुनौती
महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में था और उसके चेहरे पर कपड़ा रखकर आग लगा दी गई थी, जिससे चेहरा पूरी तरह झुलस गया था। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना थी। पुलिस ने आसपास के गांवों में गुम महिलाओं की जानकारी जुटाने के साथ तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पता चला कि ग्राम अमलडीहा निवासी करीब 45 वर्षीय एक महिला शुक्रवार रात से लापता है। इसके बाद उसकी पहचान मृतका के रूप में की गई।
दोनों संदिग्धों को आखिरी बार महिला के साथ देखा गया
जांच में सामने आया कि मृतका चरवाहे का काम करती थी और अक्सर मवेशियों को चराने जंगल की ओर जाती थी। पुलिस ने उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और घटना से जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटाई। इस दौरान पता चला कि घटना से पहले शाम को ग्राम अमलडीहा निवासी किरण कुमार पटेल पिता चैतराम पटेल और अजय कुमार धनवार को महिला के साथ अंतिम बार देखा गया था। घटना के बाद दोनों संदिग्ध फरार हो गए थे।
तकनीकी साक्ष्यों के सामने टूट गया आरोपी
पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में गहन पूछताछ किए जाने पर उसने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया।
विवाद के बाद दोनों ने मिलकर की हत्या
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद मृतका और अजय कुमार धनवार के बीच पूर्व परिचय के चलते शारीरिक संबंध बने। बाद में किरण कुमार पटेल ने भी महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया, जिसका महिला ने विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोप है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, जान बचाने के लिए महिला ने काफी संघर्ष किया, जिसके चलते उसकी चूड़ियां टूट गईं। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से महिला के चेहरे पर कपड़ा रखकर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
मामले में कटघोरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है, जबकि फरार आरोपी अजय कुमार धनवार की तलाश जारी है।
