डेढ़ महीने की पहल लाई रंग, शिवचरण को मिला बैटरी चलित वाहन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

दोनों पैर गंवाने के बाद आवागमन में हो रही थी परेशानी, जनप्रतिनिधि के प्रयास से मिली राहत

कोरबा। ग्राम गोढ़ी निवासी शिवचरण कैवर्त (पलटन) के लिए सोमवार का दिन राहत लेकर आया। गंभीर शुगर बीमारी के कारण शिवचरण को अपने दोनों पैर जांघ से गंवाने पड़े हैं। दोनों पैर नहीं होने के कारण उन्हें आने-जाने और दैनिक कार्यों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

शिवचरण की परेशानी को देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण कोरबा के उपाध्यक्ष विनोद कुमार महिलांगे ने करीब डेढ़ महीने पहले कलेक्टर जनदर्शन में उनके लिए बैटरी चलित वाहन एवं दोनों पैरों के लिए कृत्रिम पैर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा था। आवेदन के बाद प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ी और 10 अगस्त को शिवचरण कैवर्त को बैटरी चलित वाहन उपलब्ध करा दिया गया।

बैटरी चलित वाहन मिलने से अब शिवचरण के लिए आवागमन काफी आसान हो सकेगा। लंबे समय से चलने-फिरने में आ रही परेशानी के बीच वाहन मिलने पर उनके परिवार ने भी राहत की उम्मीद जताई है।

विनोद कुमार महिलांगे ने कहा कि जरूरतमंद और दिव्यांग व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जनप्रतिनिधि के रूप में प्रयास करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि बैटरी चलित वाहन मिलने के बाद अब शिवचरण के दोनों पैरों के लिए कृत्रिम पैर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास जारी रहेगा।

डेढ़ महीने पहले किए गए प्रयास के बाद बैटरी चलित वाहन मिलने से शिवचरण को बड़ी राहत मिली है। अब उम्मीद है कि कृत्रिम पैर की सुविधा भी जल्द उपलब्ध होगी, जिससे वे भविष्य में और अधिक आत्मनिर्भर होकर अपना जीवन जी सकेंगे।