✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 12 अगस्त। कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र डीडासरई-देवपहरी के जंगल में भालू के हमले से दो महिलाएं घायल हो गईं। अचानक हुए हमले में मूल्यारो बाई (50) और समारी बाई को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। इनमें कुछ चोटें गहरी, जबकि कुछ मामूली बताई जा रही हैं।
घटना के बाद दोनों घायल महिलाओं को तत्काल उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा लाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। वन अमले ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को लेकर भी निगरानी शुरू की है।
भालू के हमले की घटना से जंगल से लगे गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले नहीं जाने तथा वन क्षेत्र में आवाजाही के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
