सुशील जयसवाल
कोरबी। कोरबी बस स्टैंड से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कोरबी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुलहरिया निवासी प्रधान पावले (21) ने 16 जून 2026 को कोरबी पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने साथी सत्यनारायण पावले के साथ मोबाइल बनवाने के लिए कोरबी बस स्टैंड आया था। इस दौरान उसने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CT 9501 को बस स्टैंड में खड़ा किया था। सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच वापस लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली।
शिकायत पर कोरबी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रबंधन मरावी (29), पिता स्व. चन्द्रभान मरावी, निवासी मानपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कोरबी बस स्टैंड से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर ली। मामले में पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 153/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायिक रिमांड की मांग की गई है। मामले की विवेचना जारी है।
