अधीक्षिका को हटाने की मांग पर छात्राओं का फूटा गुस्सा, NH-130 पर चक्काजाम से घंटों थमा यातायात

 

कोरबा / पोड़ी उपरोड़ा।

कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा स्थित 100 सीटर शासकीय कन्या छात्रावास की अधीक्षिका को हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को छात्राओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। छात्रावास की सैकड़ों छात्राएं राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (कटघोरा–अंबिकापुर मार्ग) पर उतर आईं और बीच सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इस अचानक हुए प्रदर्शन से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

प्रदर्शन के दौरान छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर “अधीक्षिका को हटाओ”, “हमारी मांगें पूरी करो” जैसे नारे लगाती रहीं। छात्राओं का आरोप था कि छात्रावास में लंबे समय से अव्यवस्थाएं बनी हुई हैं और अधीक्षिका के रवैये के कारण उन्हें पढ़ाई और दैनिक जीवन में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक अधीक्षिका को हटाया नहीं जाएगा, उनका विरोध जारी रहेगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम के कारण बस, ट्रक, कार और अन्य छोटे-बड़े वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार विनय देवांगन, जनपद पंचायत सीईओ खगेश निर्मलकर, बीईओ, सुमन दास मानिकपुरी तथा बांगो पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

अधिकारियों ने छात्राओं को उनकी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की समझाइश के बाद छात्राओं ने चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया।

हालांकि छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही छात्रावास की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और अधीक्षिका के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे दोबारा और अधिक उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी।

यह घटना छात्रावासों की व्यवस्थाओं और छात्राओं की समस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े करती है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।