सुशील जायसवाल
लमना/पोड़ी उपरोड़ा।
कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमना में बुधवार को एक प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षा 11वीं में पहुंचकर विद्यार्थियों को स्वयं भौतिकी का पाठ पढ़ाया, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और जीवन में सफलता के महत्वपूर्ण मंत्र भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सीधे कक्षा में पहुंचे और ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाना शुरू किया। उन्होंने भौतिक मात्रक, सदिश एवं अदिश राशियां, चाल, समय, दूरी और विस्थापन जैसे विषयों को दैनिक जीवन के सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। कलेक्टर की सहज और रोचक शिक्षण शैली से विद्यार्थी उत्साहित दिखाई दिए तथा उन्होंने विषय से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका कलेक्टर ने विस्तार से उत्तर दिया।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने घोषणा की कि जिन विद्यालयों का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहेगा, वहां के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से इसरो जैसे राष्ट्रीय वैज्ञानिक संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विद्यालय की समस्याओं की भी जानकारी ली। छात्रों ने प्रयोगशाला एवं प्रायोगिक सामग्री की कमी, पुस्तकालय और खेल सामग्री का अभाव, पृथक शौचालय, कक्षाओं की छतों में सीपेज तथा प्रकाश व्यवस्था जैसी समस्याओं से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को नए भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने, पुराने भवन की मरम्मत कराने तथा नई प्रयोगशाला और पुस्तकालय के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को जेईई, नीट सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध करा रहा है।
बाद में कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों की बैठक लेकर शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता और परीक्षा परिणामों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल पाठ्यक्रम पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना भी शिक्षकों की जिम्मेदारी है।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, पोड़ी उपरोड़ा के एसडीएम मनोज बंजारे, शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
