पंडित रविशंकर शुक्ल नगर-दादर मार्ग बदहाल, गड्ढों में तब्दील हुई सड़क

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। शहर के पंडित रविशंकर शुक्ल नगर से दादर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाली से क्षेत्र के लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 3 से 4 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह छोटे-बड़े सैकड़ों गड्ढे बन गए हैं। इसके चलते वाहन चालक रोजाना हिचकोले खाते हुए आवागमन करने को मजबूर हैं।

 

लंबे समय से जर्जर इस सड़क की स्थिति बारिश के मौसम में और भी खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है। खासकर रात के समय सड़क की स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है।

 

सड़क से गुजरने वाले पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वाहनों के गुजरने से गड्ढों का गंदा पानी और कीचड़ राहगीरों पर पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

 

क्षेत्रवासियों ने सड़क का जल्द से जल्द सुधार और गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम हो सके और संभावित हादसों पर रोक लगाई जा सके।

 

कोरबा में शान्तनु मिश्रा की रिपोर्ट