✍️ भागीरथी यादव
मनेन्द्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेन्द्रगढ़ के लालपुर में जमीन बेचने के विवाद में बेटे द्वारा पिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को ऋषि कुमार सूर्यवंशी अपने घर में मृत मिले थे। उनके शरीर पर चोट के निशान पाए गए थे। जांच में सामने आया कि 7 अक्टूबर को जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान रवि कुमार सूर्यवंशी (27) ने पानी के पाइप से पिता की पिटाई की, जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में मनेन्द्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने की।
