✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सावन के अंतिम सोमवार पर कोरबा के प्रसिद्ध कनकेश्वर धाम, कनकी में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए अर्धरात्रि से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवर लेकर कनकी की ओर रवाना होने लगे थे। सुबह होते-होते मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र शिवभक्तों से भर गया।

श्रद्धालु सर्वमंगला से नहर के किनारे पैदल यात्रा करते हुए कनकी पहुंचे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और सेवा समितियों की ओर से चाय, पानी सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। पूरी पदयात्रा के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सर्वमंगला नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सर्वमंगला चौकी पुलिस भी लगातार सतर्क रही। पुलिस जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ ही शिवभक्तों की मदद और सेवा भी की।
कनकेश्वर धाम में अर्धरात्रि के बाद से ही श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान शिव के दर्शन की प्रतीक्षा करते नजर आए। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पदयात्रा कर पहुंचे कई श्रद्धालुओं ने कहा कि कनकी तक की यह यात्रा उन्हें आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है।
आस्था, सेवा और श्रद्धा के इस संगम से कनकेश्वर धाम सहित पूरे कनकी क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
