ब्रेकिंग : खेत में विवाद के बाद महिला की संदिग्ध मौत, पति फरार

सुशील जयसवाल

 

 

कोरबा/एतमानगर। बांगो थाना क्षेत्र के एतमानगर अंतर्गत ठाड़पखना गांव में खेत में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पति पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार ठाड़पखना निवासी गंगोत्री बाई अपने पति जगमोहन के साथ खेत में कृषि कार्य करने गई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जगमोहन ने गंगोत्री बाई के साथ मारपीट की। इसके बाद वह महिला को खेत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर महिला का देवर मनमोहन खेत पहुंचा। उस समय गंगोत्री बाई की हालत गंभीर थी। वह उसे घर लेकर आया, लेकिन कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलने पर बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई नरेंद्र डिकसेना और वैज्ञानिक अधिकारी विश्वजीत कोसुरिया की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार महिला की मौत मारपीट से लगी चोटों के कारण हुई है या कोई अन्य वजह रही है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार पति जगमोहन की तलाश की जा रही है। पति-पत्नी के बीच विवाद के कारणों की भी जांच की जा रही है।