✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। खोरडी मोड़ के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम सराइसिंगार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। घायल के उपचार में सहायता के लिए क्षेत्रीय जनपद सदस्य फुलचंद कश्यप ने पहल करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक फूल सिंह पिता दौलत सिंह, नरसिंह सिंह पिता फूल सिंह और यशवंत सिंह पिता स्वर्गीय कमल सिंह मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BJ 5644 से सराइसिंगार से गेवरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खोरडी मोड़ के समीप सामने से आ रही स्कॉर्पियो से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फूल सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नरसिंह सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में यशवंत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद जनपद सदस्य फुलचंद कश्यप ने अस्पताल पहुंचकर घायल के उपचार के लिए आवश्यक सहयोग की पहल की। उन्होंने पीड़ित परिवार को भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
हादसे की खबर से सराइसिंगार गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायल युवक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
