
शिक्षा जगत ने नम आंखों से दी विदाई, तालियों की गूंज के बीच सम्मान समारोह संपन्न
कोरबी-चोटिया | सुशील जायसवाल
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कोरबी (चोटिया) एवं स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में गुरुवार को एक गरिमामय और भावुक सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राचार्य मुरलीधर साहू, प्रभारी प्राचार्य रामाश्रय तंवर और पाली (दुल्लापुर) हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य गंगाराम कुर्रे को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
समारोह में तीनों शिक्षकों को श्रीफल, साल, शॉल, शील्ड और सम्मान पत्र भेंट कर उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल को यादगार बनाया गया। विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने तालियों की गूंज के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम उस समय भावुक हो उठा जब मुरलीधर साहू ने अपने 42 वर्षों के सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्हें जीवनभर विद्यार्थियों, सहकर्मियों और पालकों का भरपूर स्नेह मिला। उन्होंने शिक्षक को समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
बताया गया कि साहू ने छुरी और कोरबी क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वहीं रामाश्रय तंवर ने करीब 36 वर्षों और गंगाराम कुर्रे ने लगभग 40 वर्षों तक शिक्षा विभाग में सेवाएं दीं।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ संकुल प्राचार्य जे.एल. जगत ने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक सोच और भाईचारे का आधार है। वहीं प्राचार्य एम.एस. राज ने सेवानिवृत्ति को जीवन का नया अध्याय बताते हुए तीनों शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
प्राचार्या शकुंतला सारथी ने इसे गर्व और भावुकता से भरा क्षण बताया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता एस.के. दिनकर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जय नारायण साहू ने किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने तीनों सेवानिवृत्त प्राचार्यों के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
