✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 26 अगस्त। कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर पहुंचे एक जंगली हाथी ने डीजल टैंकर को दौड़ा लिया। हाथी से बचने के प्रयास में चालक ने टैंकर पीछे किया, लेकिन वाहन का पहिया सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। खतरा बढ़ता देख चालक और क्लीनर ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाईवे से डीजल टैंकर गुजर रहा था, तभी अचानक एक हाथी सड़क पर आ गया। हाथी को सामने देख चालक ने वाहन पीछे लेने की कोशिश की, लेकिन टैंकर का पहिया गड्ढे में फंस गया। इसके बाद हाथी तेजी से टैंकर की ओर बढ़ा। स्थिति को भांपते हुए चालक और क्लीनर वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकले।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथी को टैंकर की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है। हाथी की मौजूदगी और टैंकर के फंसने से हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। हाथी के वहां से हटने के बाद आवागमन सामान्य हुआ।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में करीब 10 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इससे आसपास के ग्रामीणों के साथ हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों में भी चिंता बनी हुई है। वन विभाग ने लोगों से हाथियों के नजदीक नहीं जाने और उनके विचरण क्षेत्र में सतर्कता बरतने की अपील की है। रात के समय जंगल से लगे मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
