अयोध्यापुरी यादव भवन के सामने कचरे का भरमार, निगम के कार्य पर उठे सवाल

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। अयोध्यापुरी के वार्ड क्रमांक 52 में यादव भवन के सामने कचरे का ढेर लगा होने से नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सड़क किनारे फैली गंदगी के कारण आसपास का वातावरण अस्वच्छ बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई और कचरा उठाव नहीं होने से समस्या बढ़ती जा रही है।

 

यादव भवन के पास ही शासकीय नवीन हाई स्कूल संचालित है, जहां प्रतिदिन विद्यार्थी पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं। स्कूल आने-जाने के दौरान बच्चों को इसी गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। कचरे से उठने वाली दुर्गंध और अस्वच्छता के कारण विद्यार्थियों के साथ रहवासियों को भी परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, इसके बावजूद कचरा जमा होने की समस्या बनी हुई है। स्कूल के आसपास इस तरह गंदगी का जमावड़ा होना निगम की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

 

रहवासियों ने नगर निगम से यादव भवन के सामने जमा कचरे को तत्काल हटाने और क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विद्यार्थियों की आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष रूप से स्वच्छता का ध्यान रखा जाना चाहिए।