✍️ भागीरथी यादव
गरियाबंद/मैनपुर। मैनपुर विकासखंड के अंदरूनी क्षेत्र स्थित कमारपारा प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक का कक्षा के भीतर शराब पीते हुए कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने संबंधित शिक्षक सतीश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बताया जा रहा है कि कमारपारा प्राथमिक स्कूल, भाटापानी के आश्रित ग्राम में स्थित है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शिक्षक कक्षा के अंदर नजर आ रहे हैं। वीडियो में शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो के आधार पर शिक्षक के नशे की हालत में होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए सहायक शिक्षक को शो कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विभागीय स्तर पर शिक्षक के आचरण और वायरल वीडियो को लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू होने की बात सामने आई है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
मैनपुर विकासखंड के अंदरूनी इलाकों में स्कूल परिसर में शिक्षकों के शराब सेवन से जुड़े मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। करीब दो माह पूर्व भी स्कूल भवन के भीतर शराब पार्टी का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में विभागीय निगरानी और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब कमारपारा प्राथमिक स्कूल के मामले में विभागीय जांच और शिक्षक के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
