✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल गांव में हसदेव नदी के एनीकट में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 15 वर्षीय बालक का शव दो दिन की तलाश के बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार को कटबीतला गांव के पास नदी में शव मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कुदुरमाल निवासी सूरज महंत गुरुवार सुबह हसदेव नदी के एनीकट में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और वह पानी में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सेना के गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया।
लगातार बारिश और बांगो बांध से पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। तेज बहाव के बीच गोताखोरों ने दो दिनों तक नदी में तलाश की। शनिवार को कटबीतला के पास सूरज का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
