स्वामी आत्मानंद विद्यालय कोरबी-चोटियां में भव्य कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया नेतृत्व और सेवा का संकल्प

सुशील जयसवाल

 

 

कोरबी-चोटियां/कोरबा। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोरबी-चोटियां में 6 सितंबर को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक सेवा और नैतिक मूल्यों के विकास को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर मुख्य अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘लक्ष्य एवं संभावना गीत’ का ओजस्वी वाचन कर ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने और अपनी क्षमताओं को पहचानकर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। सत्र 2026-27 के लिए छात्र लीडर्स का भी चयन किया गया। इसमें कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की कु. अप्सा कुरैशी और कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय के आकाश कुमार को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने श्रमदान कर विद्यालय परिसर, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। इस दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यालय में सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के लिए प्रस्तावित नए मंच के निर्माण हेतु स्थल का निरीक्षण कर स्थान का चयन किया गया।

कार्यक्रम का सफल संयोजन सेजेस कोरबी-चोटियां के कार्यक्रम अधिकारी एस.के. दिनकर के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों, NSS स्वयंसेवकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग के प्रति आभार जताया।