बेटे को खोजने पिता ने जनदर्शन में लगाई गुहार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र के ग्राम जंजरा निवासी रामेश्वर सिंह ने अपने गुमशुदा पुत्र अवध राम की तलाश के लिए जनदर्शन में कलेक्टर से गुहार लगाई। उन्होंने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर बताया कि उनका पुत्र 13 मई 2026 को घर से कहीं बाहर चला गया था, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटा है।

रामेश्वर सिंह के अनुसार, घर से जाने के कुछ दिनों बाद पुत्र ने मोबाइल नंबर 9346821233 से फोन कर अपने बाहर जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद 2 जून को 7015034733 नंबर से फोन कर उसने बताया कि वह विजयवाड़ा से चेन्नई जा रहा है। 7 जून की शाम करीब 5 बजे 9437848006 नंबर से दोबारा फोन आया। उसने बताया कि उसका बैग चोरी हो गया है और वह ओडिशा के रायगढ़ा में है। साथ ही घर लौटने के लिए एक हजार रुपये की मांग की थी।

इसके बाद से पुत्र से संपर्क नहीं हो पाया और वह अब तक घर नहीं लौटा है। पिता ने आवेदन के साथ पुत्र का फोटोग्राफ भी सौंपते हुए उसकी तलाश कराने की मांग की।

मामले में कलेक्टर ने रामेश्वर सिंह को तत्काल एसपी कार्यालय जाकर शिकायत दर्ज कराने और आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा। बेटे के लंबे समय से लापता होने से परिजन चिंतित हैं और उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।