गंभीर मरीजों के लिए राहत की खबर, कोरबी PHC में 23 सितंबर को विशेष स्वास्थ्य शिविर

सुशील जयसवाल

 

 

कोरबी-चोटिया। जन-जन तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘हमर एम.सी.बी. स्वास्थ्य सुधार अभियान’ के तहत पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोरबी में 23 सितंबर 2026 को विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में मुनादी कराकर ग्रामीणों को शिविर का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विशेष रूप से गंभीर एवं जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों से शिविर में पहुंचकर जांच एवं उपचार कराने की अपील की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर एच.के. नायक ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की है। प्रारंभिक जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा एवं विशेषज्ञों की सलाह उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. रुद्रपाल सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजना तिर्की, सहित बीएमओ पोड़ीउपरोड़ा डॉ. दीपक सिग एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।

अभियान के अंतिम चरण में 1 अक्टूबर 2026 को जिला एमसीबी में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्य स्तर के सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों के साथ संभाग एवं जिले के विशेषज्ञ डॉक्टर एक ही स्थान पर मरीजों की जांच एवं उपचार करेंगे। गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।