✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। कोरबा और बिलासपुर में चलती बसों में यात्रियों से सोने की चेन झपटने के मामले में पुलिस ने 7 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने 8 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। मामले में एक महिला आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा निवासी एक दंपत्ति काम के सिलसिले में बिलासपुर गया था। वापसी के दौरान दोनों नेहरू चौक बिलासपुर से बस में सवार हुए। बस में भीड़ अधिक होने के कारण दोनों को सीट नहीं मिली और वे खड़े होकर सफर कर रहे थे। इसी दौरान महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में चढ़ीं।
शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाओं ने दंपत्ति के साथ जानबूझकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने महिला यात्री को घेर लिया और उसके गले से सोने की चेन निकाल ली। इसके बाद सभी महिलाएं बस से उतर गईं। रतनपुर पहुंचने पर बस खाली होने के बाद महिला को चेन चोरी होने की जानकारी हुई। उसने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान ग्राम कोनकोना और ठिहईभाठा, थाना बांगो क्षेत्र निवासी के रूप में हुई। इसके बाद कोरबा पुलिस की मदद से पुलिस टीम ने कोनकोना में दबिश देकर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बस में धक्का-मुक्की कर चेन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार चोरी की चेन गिरोह की एक अन्य महिला, निवासी रामनगर थाना कुसमी, को 20 हजार रुपए में बेची गई थी। इसमें से 12 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं, जबकि शेष 8 हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। फरार महिला की तलाश जारी है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद आरोपियों को पकड़कर रतनपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
