✍️ भागीरथी यादव
रामानुजगंज। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना विजयनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम शिवपुर की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता झारखंड के गढ़वा जिले की रहने वाली है। वह कुछ दिन पहले अपने मामा के घर ग्राम शिवपुर धान कटाई के काम में सहयोग करने आई थी। बताया गया कि 22 नवंबर को परिवार के अन्य सदस्य काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान गांव का निवासी अशोक यादव घर पहुंचा और किशोरी को अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती की। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी को जान से मारने की धमकी दी और उसका मुंह दबाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिवार के सदस्य जब घर लौटे तो किशोरी ने उन्हें आपबीती बताई। इसके बाद उसके मामा कुलदीप सिंह उसे लेकर विजयनगर पुलिस चौकी पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की। जांच की जिम्मेदारी सहायक उप निरीक्षक अश्वनी कुमार को सौंपी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
