तलवार लेकर घर में घुसे 10 से 12 बदमाश, महिला को दी जान से मारने की धमकी; चार गिरफ्तार…..

✍️ भागीरथी यादव

 

तलवार और लाठी-डंडों से लैस होकर मचाया उत्पात, पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपियों को भेजा जेल

 

धमतरी। शहर के टिकरापारा इलाके में हथियारों से लैस होकर एक महिला के घर में घुसने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में धमतरी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसकर गाली-गलौज की और महिला के साथ अभद्रता करते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार और लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टिकरापारा निवासी प्रार्थिया ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान 10 से 12 लोग तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडे लेकर उसके घर पहुंचे। दरवाजे को जोर-जोर से धक्का देकर आरोपी घर के अंदर घुस आए और उसके भाई निखिल के बारे में पूछताछ करते हुए गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और प्रार्थिया का गला भी पकड़ लिया।

 

किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर महिला अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गए। उन्होंने घर में घुसकर महिला की मां को धक्का दिया और हथियार लहराते हुए भय का माहौल पैदा किया। बीच-बचाव होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। पुलिस ने 25 नवंबर को कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल मसीह (26 वर्ष), निवासी टिकरापारा, शारदा चौक धमतरी, भोला शंकर यादव उर्फ सागर यादव (30 वर्ष), निवासी नयापारा वार्ड धमतरी, शालेम मसीह उर्फ अविनाश मसीह (20 वर्ष), निवासी टिकरापारा तालाब के पास धमतरी तथा शुभम नेताम (24 वर्ष), निवासी रिसाईपारा पश्चिम धमतरी शामिल हैं।

 

पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल मसीह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार तथा अन्य आरोपियों के कब्जे से लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं। गिरफ्तार चारों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय धमतरी में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गुंडागर्दी, अवैध हथियार रखने, मारपीट और धमकी जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।