कोरबा: सीतामणि में छत पर लोहे के एंगल से लटका मिला युवक…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। शहर के सीतामणि गोकुलगंज बस्ती में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय युवक का शव उसके घर की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। मृतक की पहचान निखिल यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को परिवार के सदस्य घर की छत पर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर लोहे के एंगल से लटके निखिल के शव पर पड़ी। शव देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।

घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

शराब सेवन की बात सामने आई

परिजनों के अनुसार निखिल को शराब पीने की आदत थी और वह अक्सर नशे की हालत में रहता था। घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात परिजनों ने पुलिस को बताई है। हालांकि, घटना से पहले उसके साथ क्या परिस्थितियां बनीं और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की परिस्थितियां और कारण अधिक स्पष्ट हो सकेंगे।

कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।