
✍️ सुशील जायसवाल
दो दिनों से ठप बिजली व्यवस्था, अस्पताल में वैक्सीन व उपचार प्रभावित, पुलिस चौकी में भी कामकाज बाधित
कोरबी-चोटिया क्षेत्र में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस चौकी में लगा ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो जाने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट गहरा गया है और लोग पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर ऋषिकेश नायक ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने से अस्पताल की पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज और प्रसव के लिए यहां आते हैं, लेकिन बिजली नहीं होने से मशीनें बंद पड़ी हैं। वैक्सीन और दवाइयों के खराब होने का खतरा मंडरा रहा है, वहीं सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। सोलर सिस्टम भी खराब होने के कारण अस्पताल अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
वहीं चिरमिरी रोड स्थित हसदो नदी पुल के पास बनी पुलिस चौकी में भी हालात खराब हैं। चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने से स्टाफ क्वार्टर में रहने वाले कर्मचारियों को पीने के पानी और ऑनलाइन कार्यों में दिक्कत हो रही है। गर्मी और अंधेरे के बीच सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई डीजी (जनरेटर) भी खराब पड़ी है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। मामले की सूचना पौड़ी उपरोड़ा विद्युत वितरण केंद्र (बांगो डिवीजन) के जेई दिनेश कुमार पालके को दे दी गई है, जिन्होंने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर सुधार कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि अस्पताल और पुलिस चौकी की व्यवस्था सामान्य हो सके।
