सुशील जयसवाल
275 दिव्यांगजनों का पंजीयन, 38 हितग्राहियों को मौके पर बांटे गए सहायक उपकरण
पोड़ी उपरोड़ा, 24 सितंबर। समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सद्भावना भवन में खंड स्तरीय दिव्यांगजन सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने पहुंचकर पंजीयन कराया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़, एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक सहित जनपद सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, सचिव एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर में स्वास्थ्य विशेषज्ञों और समाज कल्याण विभाग की टीम ने दिव्यांगजनों का परीक्षण एवं पंजीयन किया। कुल 275 दिव्यांगजनों का पंजीयन हुआ, जिसमें बहु विकलांगता के 124, अस्थि दिव्यांगता के 65, मूक-बधिर एवं अन्य श्रेणी के 36 तथा श्रवण बाधित 24 हितग्राही शामिल रहे।
वहीं मौके पर 38 पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरित किए गए। इनमें 9 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 1 साधारण ट्राईसाइकिल, 2 व्हीलचेयर, 24 श्रवण यंत्र और 2 जोड़ी बैसाखी शामिल हैं।
कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। आवश्यक सहयोग, अवसर और आधुनिक उपकरण उपलब्ध होने से वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। शिविर का उद्देश्य केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन को सुगम बनाना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है।
कार्यक्रम के समापन पर जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

