कोरबा: सि. नवापारा में भक्तिभाव से गणेश प्रतिमा का विसर्जन डीजे-ढोल की धुन पर झूमे ग्रामीण, जयकारों से गूंजा गांव

सुशील जायसवाल

 

सि. नवापारा (कोरबी-चोटिया)। पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सि. नवापारा में दस दिवसीय गणेशोत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। गणेश प्रतिमा के विसर्जन से पूर्व हवन-पूजन और महाआरती का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इसके बाद भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन संध्या संगीतमय आरती का आयोजन किया गया। स्थानीय बच्चों, संकीर्तन कलाकारों और महिला मंडली की सहभागिता से पूरे दस दिनों तक गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा। पूजा-अर्चना का आयोजन मुख्य पुजारी पंडित लालजी पांडे एवं आयोजन समिति के मुख्य पुजारी संदीप मरकाम के मार्गदर्शन में किया गया।

विसर्जन शोभायात्रा के दौरान डीजे, ढोलक और मंजीरे की धुन पर महिलाएं, युवा, बच्चे और बुजुर्ग उत्साह से झूमते नजर आए। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं। शोभायात्रा के दौरान गांव में जगह-जगह भगवान गणेश की आरती उतारी गई और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे।

आयोजन में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती रीता कृष्णा पुलस्त का विशेष सहयोग रहा। आयोजन समिति के युवा कार्यकर्ता अमित पटेल सहित महिला मंडली और युवाओं ने व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।

 

विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष मनहरण सिंह मरकाम, उपाध्यक्ष राम कुमार, सचिव राजेंद्र मरकाम, नीलेश पटेल सहित संतोष, दीपक, ओम, देवेंद्र, सुमित, अजय, अनिल, देव, ललित, संत, धनेश्वर, कमलेश्वर, पीयूष, राजपाल, संजय, सूरज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिला मंडली के सदस्य उपस्थित रहे। गणेशोत्सव का समापन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।