कोरबा: जटगा-पसान मार्ग पर XUV पलटी, दो की हालत गंभीर…

सुशील जयसवाल 

 

 

शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप, राहगीर बाल-बाल बचे

 

सुशील जायसवाल | जटगा

कोरबा/जटगा। जटगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत जटगा-पसान मार्ग पर लहंगा और जटगा के बीच एक XUV के अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान वाहन के पीछे चल रहे मोटरसाइकिल सवार और कैंपर वाहन चालक भी बाल-बाल बच गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, XUV क्रमांक CG 12 BH 5173 जटगा-पसान मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक द्वारा कथित रूप से शराब के नशे में वाहन चलाए जाने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में वाहन चालक सहित दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय सड़क पर आवागमन जारी था। XUV के अचानक बेकाबू होकर पलटने से पीछे चल रहे अन्य वाहन चालकों में भी अफरा-तफरी मच गई। हालांकि उनकी सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।

जर्जर सड़क और तेज रफ्तार बनी चिंता

जटगा-पसान मार्ग की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में पहले से नाराजगी है। सड़क पर जगह-जगह खराब सतह के बीच तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत के साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस द्वारा समय-समय पर वाहन चालकों को नशे में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी जाती है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय है। घटना के संबंध में पुलिस की कार्रवाई और घायलों की स्थिति की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।