सुशील जयसवाल
कोरबा। जिले में हाथियों की मौजूदगी के बीच ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसी दौरान हाथी से बचने के लिए भाग रहे एक ग्रामीण की खेत की मेड़ में भरे पानी में गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान सम्मन सिंह, पिता तुलाराम चीरवा, निवासी ग्राम कोदवारी (रोदे) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी की सूचना के बाद ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। इसी दौरान सम्मन सिंह हाथी की दहशत में वहां से बचकर निकलने के लिए भाग रहा था। भागते समय वह खेत की मेड़ के पास पानी से भरे हिस्से में जा गिरा।
पानी में गिरने के बाद ग्रामीण को संभलने का मौका नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की मौजूदगी वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और समय पर सूचना उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना की सूचना संबंधित विभाग एवं पुलिस को दिए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
