✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/पसान। पसान थाना परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए छेड़छाड़ के आरोपी को आखिरकार पुलिस ने तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान खीरचंद (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से छेड़छाड़ का मामला दर्ज था और उसके विरुद्ध स्थायी वारंट भी जारी था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने 22 सितंबर को खीरचंद को गिरफ्तार कर थाने लाया था। इसी दौरान उसने शौचालय जाने की बात कही और पुलिस की निगरानी से बचते हुए थाना परिसर से निकलकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
दिनभर जंगल में छिपता, रात में घर पहुंचता था
पुलिस जांच में पता चला कि फरारी के दौरान आरोपी दिन के समय आसपास के जंगल में छिपा रहता था। बताया जा रहा है कि वह रात करीब 11 बजे चोरी-छिपे अपने घर पहुंचता और तड़के करीब 3 बजे दोबारा जंगल की ओर निकल जाता था। इस दौरान उसकी पत्नी और बच्चे घर पर ही रहते थे।
पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि खीरचंद रात के समय अपने घर पहुंचता है।
आधी रात पुलिस ने घर को घेरा
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 25 सितंबर की आधी रात पसान पुलिस ने आरोपी के घर की घेराबंदी की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खीरचंद को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू की।
पसान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस की कार्रवाई के बाद थाना परिसर से फरार हुए आरोपी की तीन दिन से चल रही तलाश का अंत हो गया।
