कोरबा: वर्दीधारी ASI पर नशे का आरोप, खड़ी कार को दो बार मारी टक्कर; VIDEO चर्चा में

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के पावर हाउस रोड स्थित मस्जिद के पास देर रात नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप एक ASI पर लगा है। बताया जा रहा है कि कुसमुंडा थाने में पदस्थ ASI अश्वनी वर्मा ने सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन पीछे लेकर उसी कार को दोबारा टक्कर मारने की बात सामने आई है।

घटना के बाद कार मालिक ने विरोध किया तो मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

बताया जा रहा है कि ASI की हालत ऐसी थी कि उन्हें ठीक से चलने में भी परेशानी हो रही थी। उनकी कार को बाद में दूसरे पुलिसकर्मी ने वहां से हटाया। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके बाद मामला चर्चा में है।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि ASI अश्वनी वर्मा के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। इस घटना ने पुलिसकर्मियों द्वारा यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।