✍️ भागीरथी यादव
दिहारीन दाई मंदिर तक 100 मीटर हिस्से में बिजली पोल लगाने की मांग, ग्रामीणों को हो रही परेशानी
कोरबा। विकासखंड कोरबा के ग्राम गोढ़ी में दद्दी सिंह के मकान से दिहारीन दाई मंदिर तक करीब 100 मीटर दूरी में बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण कोरबा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से उक्त स्थान पर बिजली के तीन खंभे लगाए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि दद्दी सिंह के मकान से दिहारीन दाई मंदिर तक का मार्ग काफी व्यस्त है और बस्ती से जुड़ा हुआ है। इसी मार्ग पर दिहारीन दाई का देव स्थल एवं मंदिर भी स्थित है, जहां विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का आना-जाना होता है। इसके बावजूद यहां बिजली की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पदाधिकारियों और ग्रामवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त स्थान पर जल्द से जल्द बिजली के खंभे लगाकर विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि ग्रामीणों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
ज्ञापन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण कोरबा के उपाध्यक्ष विनोद कुमार महिलांगे सहित ग्राम गोढ़ी के ग्रामीणों की ओर से सौंपा गया।
