कोरबा: गांधी-शास्त्री जयंती पर अखबार वितरण कर्मियों और श्रमिकों का सम्मान…..

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा और होटल स्टेयोरा के संयुक्त तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। टीपी नगर स्थित होटल स्टेयोरा में आयोजित कार्यक्रम में अखबार वितरण संघ के हॉकरों, ट्रांसपोर्ट में लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले श्रमिकों तथा ऑटो चालकों को टी-शर्ट वितरित कर उनका सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन राम सिंह अग्रवाल ने कहा कि अखबार वितरण से जुड़े हॉकर और श्रमिक मौसम की परवाह किए बिना सुबह-सुबह लोगों तक देश-दुनिया की खबरें पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। समाज के इन कर्मयोगियों का सम्मान करना सेवा भावना को मजबूत करने वाला प्रयास है।

कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया, वाइस चेयरमैन राजेंद्र तिवारी, संरक्षक मोहम्मद सफी एवं अजय शर्मा, यूथ रेडक्रॉस के जफर अली, डॉ. अजय स्वर्णकार, प्रदेश प्रतिनिधि योगेश जैन, आजीवन सदस्य मृगेंद्र सिंह एवं राजेंद्र ठाकुर, अखबार वितरण संघ के दीपेन्द्र साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

टी-शर्ट मिलने पर हॉकरों, चालकों और श्रमिकों ने आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के योगदान को सम्मानित करने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।