कोरबा ब्रेकिंग: कटघोरा कसनिया मोड़ पर ट्रेलर की चपेट में बाइक सवार की मौत…

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा, 06 अक्टूबर। कटघोरा-अमरकंटक मार्ग पर मंगलवार सुबह कसनिया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा करीब सुबह 9 बजे कटघोरा से लगभग तीन किलोमीटर दूर हुआ।

 

बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक ओवरटेक कर रहा था, इसी दौरान वाहन की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया और ट्रेलर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

 

घटना की सूचना पर कटघोरा पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अस्पताल भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। मृतक की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक रूप से उसके रामानुजगंज क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी सामने आई है।

 

लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने कसनिया मोड़ सहित अन्य दुर्घटनाजन्य स्थानों पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पिछले 24 घंटे में भारी वाहनों से जुड़ी कई गंभीर दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।