कोरबा : उरगा पुलिस ने 20 लीटर महुआ शराब के साथ स्कूटी सवार को पकड़ा…..

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। जिले में अवैध शराब के परिवहन पर कार्रवाई करते हुए उरगा पुलिस ने एक स्कूटी सवार युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद करने के साथ ही परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर को उरगा थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन पटेल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद एक्टिवा स्कूटी में महुआ शराब लेकर बरबसपुर चौक से सीतामणी की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरबसपुर चौक के पास निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर जांच की।

 

तलाशी के दौरान उसके पास से पारदर्शी पन्नी में रखी 20 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 2 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के परिवहन से जुड़ी स्कूटी क्रमांक CG 12 BR 8672 को भी जब्त कर लिया।

 

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राजू डे (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुनील डे, निवासी गोमाता चौक, इमलीडुग्गू, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के रूप में हुई है। शराब रखने और उसके परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 561/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है।