गरबा की वेशभूषा में सिगरेट और पिस्टलनुमा वस्तु का प्रदर्शन, वायरल वीडियो पर 9 गिरफ्तार….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

बिलासपुर। गरबा की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करने और पिस्टलनुमा वस्तु का प्रदर्शन करते हुए बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, एक शिकायतकर्ता ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी कि एक महिला अपने महिला एवं पुरुष सहयोगियों के साथ गरबा नृत्य की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए तथा हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु लेकर वीडियो बना रही है। बताया गया कि यह वीडियो गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार कर Instagram और Facebook पर प्रसारित किया गया।

शिकायत में वीडियो के माध्यम से भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के विपरीत अशोभनीय गतिविधियों को प्रचारित करने तथा युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई थी। शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 1390/2026 दर्ज करते हुए धारा 196, 299 एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की है। इसके साथ ही सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की जा रही है।

सोशल मीडिया को लेकर पुलिस की चेतावनी

बिलासपुर पुलिस ने चेतावनी दी है कि धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक प्रतीकों का इस्तेमाल प्रचार या मनोरंजन के नाम पर इस तरह न किया जाए, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं आहत हों अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और प्रचार हासिल करने के लिए आपत्तिजनक धार्मिक प्रदर्शन, अशोभनीय सामग्री या हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।