✍️ भागीरथी यादव
बाकीमोंगरा/दर्री। कोरबा जिले के जमनीपाली और बाकीमोंगरा के बीच स्थित स्टॉप डैम में डूबने से 15 वर्षीय किशोर नरेश साहू की मौत हो गई। वह दो दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था। 9 अक्टूबर को डैम में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी तलाश के बाद दूसरे दिन 10 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे उसका शव बरामद किया गया। नरेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था नरेश
जानकारी के अनुसार, नरेश साहू पिता फिरतु राम साहू, निवासी मेन रोड जमनीपाली, दर्री, अपने दो दोस्तों अमित और दादू के साथ स्टॉप डैम गया था। तीनों ने वहां पिकनिक मनाने के दौरान मैगी बनाई और खाई। इसके बाद नरेश नहाने के लिए पानी में उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घटना के बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन पहले दिन उसका पता नहीं चल सका।

दूसरे दिन बरामद हुआ शव
घटना के अगले दिन 10 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे नरेश का शव मिलने की जानकारी सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में बाकीमोंगरा पुलिस चौकी द्वारा जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इकलौते बेटे को खोने से सदमे में परिवार
महज 15 साल की उम्र में नरेश की मौत से परिजन और परिचित सदमे में हैं। माता-पिता के इकलौते बेटे की इस तरह असमय मौत ने परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया है। जिस बेटे से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसकी मौत से घर में मातम पसरा हुआ है.
