कोरबा ब्रेकिंग: इमलीडुग्गू-राताखार में मारपीट और उत्पात पर पुलिस का शिकंजा, चार गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और मारपीट व उपद्रव की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने इमलीडुग्गू और राताखार क्षेत्र में मारपीट करने तथा उत्पात मचाने के मामलों में चार युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में सभी को सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया।

 

पुलिस के अनुसार, जिले में असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में शांति भंग करने वाले चार युवकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।

 

गिरफ्तार किए गए युवकों में राताखार मानस चौक निवासी विकास निर्मलकर उर्फ लक्की (25), राताखार गौर चौक निवासी राजा उर्फ खेसखास वर्मा (23), राताखार निवासी कृष्ण चंद्र (22) और राताखार अटल आवास निवासी प्रकाश साहू (20) शामिल हैं।

 

पुलिस ने चारों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पूरी कर उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय, कोरबा के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे क्षेत्र में शांति बनाए रखने में सहयोग करें। मारपीट, उपद्रव या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर सूचना दें।