थाने में ही करने लगे हंगामा, पुलिस ने दो आरोपियों पर की कार्रवाई….

✍️ भागीरथी यादव

 

दुर्गा पंडाल के पास मारपीट और धमकी देने का आरोप, थाने में शांति भंग करने पर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश

 

बिलासपुर। दुर्गा पंडाल के पास विवाद और मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे पक्ष के सामने ही थाने में हंगामा करने का मामला सामने आया है। सकरी पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज करने के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात सकरी स्थित दुर्गा पंडाल के पास राकेश भार्गव के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि शांतिनगर सकरी निवासी राजेश देवांगन (36) और महेश ध्रुव उर्फ करिया (31) ने शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद प्रार्थी पक्ष शिकायत दर्ज कराने थाना सकरी पहुंचा था।

इसी दौरान दोनों आरोपी अपने परिवार के साथ थाने पहुंचे। पुलिस मामले में कार्रवाई की तैयारी कर रही थी, तभी दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया और वे थाने से जाने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने की बात कहते हुए वहां से जाने का प्रयास किया।

 

अगले दिन 17 अक्टूबर को राकेश भार्गव ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 967/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) में मामला दर्ज किया।

 

पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। वहां प्रार्थी को देखकर वे उत्तेजित हो गए और हंगामा करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

 

सकरी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।