ब्रेकिंग न्यूज : शराब दुकान में चोरी का ‘मास्टर प्लान’ फेल, CCTV की नजर से नहीं बच सके 2 गिरफ्तार…….

✍️ भागीरथी यादव

 

धमतरी। दुकान बंद होते ही चोरों ने छत को निशाना बनाया और सीमेंट शीट तोड़कर शराब दुकान के भीतर दाखिल हो गए। गल्ले से नकदी और शराब की बोतलें-पौवे लेकर फरार हो गए, लेकिन उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि सीसीटीवी फुटेज उनकी मुश्किलें बढ़ा देगा। दानीटोला स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान में हुई चोरी के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदेहियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने चोरी की शराब और नकदी बरामद की है।

छत तोड़कर दुकान में घुसे, गल्ले से नकदी भी उड़ाई

 

पुलिस के अनुसार, महात्मा गांधी वार्ड निवासी दुर्गेश सोनकर दानीटोला स्थित शराब दुकान में मुख्य विक्रेता के पद पर कार्यरत हैं। दुकान बंद कर घर जाने के बाद अगली सुबह जब उन्होंने दुकान खोली, तो छत में लगी सीमेंट शीट टूटी मिली। अंदर अलमारी भी खिसकी हुई थी। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 2,400 रुपये नकद और विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें व पौवे गायब मिले। इसके बाद मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई।

 

CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके आधार पर जयेश शर्मा (25) और दानेश्वर बनबेर (25), दोनों निवासी धमतरी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी के मामले में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।

 

शराब के पौवे और नकदी बरामद

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से व्हाइट रैबिट और सेवन हावर्स ब्रांड की शराब के पौवे तथा 1,000 रुपये नकद बरामद किए। बरामद रकम में 20-20 रुपये के 50 नोट शामिल हैं। मामले में अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(क) और 3(5) में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि आगे की विवेचना जारी है।

 

दुकानदारों से CCTV लगाने की अपील

 

धमतरी पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने को देने की सलाह भी दी गई है।