‘झुपत-झुपत तैं हर आ जाबे’ गीत पर थिरके लोग, श्रीराम की भव्य झांकी के साथ हुआ रावण दहन
सुशील जायसवाल
रोदे (कोरबी)। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रोदे में 26 अक्टूबर को महाकाल नवयुवक समिति के तत्वावधान में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के संगम से सजे इस आयोजन में हजारों की संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की भव्य झांकी, रावण दहन तथा प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक नितिन दुबे के सुपरस्टार नाइट शो ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।


कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं हनुमान की भव्य झांकी निकाली गई। धार्मिक माहौल और जय श्रीराम के जयकारों के बीच रावण दहन किया गया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम में नितिन दुबे की प्रस्तुति देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
नितिन दुबे ने अपने लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही उनका चर्चित गीत ‘झुपत-झुपत तैं हर आ जाबे’ गूंजा, दर्शक झूमने और थिरकने लगे। देर रात तक चले संगीत कार्यक्रम में तालियों और उत्साह से पूरा आयोजन स्थल गूंजता रहा।
अतिथियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में हिंदू क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष राहुल चौधरी, बिंझिया समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भुवाल सिंह सिदार तथा जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम रोदे की सरपंच श्रीमती सुशीला हार सिंह कंवर ने की। कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
आयोजन के दौरान महाकाल नवयुवक समिति की ओर से अतिथियों को पीला गमछा, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने दिया सामाजिक एकता का संदेश
विशिष्ट अतिथि राहुल चौधरी ने दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए धर्म, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। वहीं, भुवाल सिंह सिदार ने भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि दशहरा हमें अहंकार, क्रोध और बुराइयों का त्याग कर सत्य एवं न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने धान पंजीयन और एग्रीस्टैक से संबंधित कार्यों की समय-सीमा बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर किसानों की समस्याओं का निराकरण करने की मांग का उल्लेख किया।
समिति के सदस्यों का रहा विशेष योगदान
महाकाल नवयुवक समिति के अध्यक्ष महावीर कंवर, सचिव पवन सिंह, इतवार साय यादव, रोहित सिंह, गजेंद्र सिंह सहित समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनपद सदस्य भारत सिंह सिदार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल के पूर्व महामंत्री प्रहलाद सिंह बिंझवार ने किया। धार्मिक झांकी, रावण दहन, अतिथियों का सम्मान और नितिन दुबे की शानदार संगीत प्रस्तुति इस उत्सव के प्रमुख आकर्षण रहे। ग्राम रोदे का दशहरा उत्सव धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के उत्साहपूर्ण संगम के रूप में संपन्न हुआ।
