✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। दीपावली पर्व के मद्देनजर सराफा एवं आभूषण दुकानों की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस सतर्क हो गई है। हाल के दिनों में लूट और उठाईगिरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी एवं कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने शहर के सराफा व्यापारियों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें हमेशा चालू रखने, बाहर पार्किंग एवं मुख्य सड़क की निगरानी करने तथा आपात स्थिति के लिए पैनिक अलार्म लगाने की सलाह दी गई। साथ ही सोने-चांदी के आभूषण और नकदी को सुरक्षित तिजोरी में रखने तथा दुकान खोलने-बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों ने कीमती आभूषणों और नकदी का परिवहन अकेले या दोपहिया वाहन से नहीं करने तथा हर बार एक ही रास्ते और समय का इस्तेमाल करने से बचने की हिदायत दी। दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों का पहचान सत्यापन और आवश्यकतानुसार पुलिस सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया।
कोरबा पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकान के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि त्योहार के दौरान सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखकर आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
