✍️ भागीरथी यादव
रेलवे पटरी के पास दिखाई दिया मगरमच्छ का बच्चा, स्थानीय लोगों ने पकड़कर वन विभाग को दी सूचना
कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत प्रेम नगर वार्ड क्रमांक 65 के भैरोताल में मगरमच्छ का बच्चा मिलने से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। खोलार नाले से लगी रेलवे पटरियों के समीप मगरमच्छ का बच्चा दिखाई देने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद प्रेम साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से मगरमच्छ के बच्चे को पकड़कर बोरे में बंद किया और इसकी सूचना वन विभाग को दी। मगरमच्छ पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
खोलार नाले से पहुंचने की जताई जा रही आशंका
बताया जा रहा है कि खोलार नाला हसदेव नदी से जुड़ा हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नदी और नाले के रास्ते मगरमच्छ यहां तक पहुंचा होगा। मगरमच्छ का बच्चा मिलने के बाद क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। वहीं पार्षद प्रेम साहू ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नाले और नदी के आसपास जाने से बचने तथा बच्चों को पानी के किनारे अकेले नहीं जाने देने की सलाह दी है।
