वर्ष 2025 और 2026 में किए गए सर्वे कार्य का भुगतान लंबित, सर्वेयरों ने एसडीएम एवं तहसीलदार से शीघ्र भुगतान कराने की लगाई गुहार
सुशील जायसवाल
कोरबा (कोरबी-चोटिया)। पोड़ी-उपरोड़ा तहसील क्षेत्र में डीसीएस सर्वे का कार्य करने वाले सर्वेयर इन दिनों भुगतान की समस्या से परेशान हैं। वर्ष 2025 एवं 2026 में पूरी जिम्मेदारी के साथ सर्वे कार्य करने के बावजूद उन्हें अब तक निर्धारित मेहनताने की पूरी राशि नहीं मिल पाई है। स्थिति यह है कि कुछ सर्वेयरों के खातों में आधी-अधूरी राशि पहुंची है, जबकि कई सर्वेयरों को अब तक एक भी रुपये का भुगतान नहीं हुआ है।

सर्वेयरों के अनुसार, उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित कार्यों को पूरा करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर सर्वे किया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इसके बावजूद उनके पारिश्रमिक का भुगतान अधूरा है। बताया गया कि 30 अक्टूबर 2026 को कुछ सर्वेयरों के बैंक खातों में राशि जमा की गई, लेकिन यह उनके कुल देय भुगतान से काफी कम है। वहीं कई सर्वेयर अभी भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।
आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे सर्वेयर
सर्वे कार्य के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में आने-जाने, समय देने और अन्य आवश्यक खर्चों का वहन सर्वेयरों को स्वयं करना पड़ा। ऐसे में मेहनताने का भुगतान नहीं होने से उनके सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई हैं। सर्वेयरों का कहना है कि जब उन्होंने निर्धारित समय में अपना कार्य पूरा किया है, तो उन्हें उसके एवज में मिलने वाली पूरी राशि भी समय पर मिलनी चाहिए।
एसडीएम और तहसीलदार से शीघ्र भुगतान की मांग
डीसीएस सर्वेयरों ने एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा एवं तहसीलदार से मामले में हस्तक्षेप कर लंबित भुगतान की समस्या का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि जिन सर्वेयरों को आंशिक भुगतान मिला है, उनके खाते में शेष राशि जमा कराई जाए तथा जिनके खातों में अब तक भुगतान नहीं हुआ है, उनकी स्थिति की जांच कर जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
सर्वेयरों ने प्रशासन से भुगतान प्रक्रिया में आ रही विसंगतियों को दूर कर सभी पात्र कर्मचारियों को उनके कार्य के अनुरूप निर्धारित पारिश्रमिक दिलाने की अपील की है। अब सर्वेयरों की नजरें तहसील प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।
