✍️ भागीरथी यादव
बैकुंठपुर के कचहरीपारा में हुई घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; मौत के कारणों की जांच जारी
बैकुंठपुर। जिले के बैकुंठपुर शहर के कचहरीपारा में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 17 वर्षीय छात्रा का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृत छात्रा की पहचान सूरजमुखी लकड़ा के रूप में हुई है, जो ग्राम मोदीपारा की निवासी थी। वह बैकुंठपुर स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही थी और पढ़ाई के सिलसिले में कचहरीपारा में किराए के मकान में रह रही थी।
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
