कोरबा: गम्मत पार्टी के कार्यक्रम में चाकूबाजी, युवक के गले पर किया वार….

✍️ भागीरथी यादव

 

लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम सतरेग में देर रात करीब 2 बजे हुई घटना, गंभीर हालत में घायल को बेहतर उपचार के लिए किया गया रेफर

 

कोरबा, 07 नवंबर 2026। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सतरेग में आयोजित जिया रानी गम्मत पार्टी के कार्यक्रम के दौरान देर रात चाकूबाजी की घटना सामने आई है। रात करीब 2 बजे एक अज्ञात युवक ने राजेश कंवर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेश के गले पर गंभीर चोट आई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सतरेग में जिया रानी गम्मत पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान देर रात किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। इसी बीच एक अज्ञात युवक ने राजेश कंवर के गले पर चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घायल राजेश खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।

 

घटना की सूचना मिलते ही लेमरू थाना पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल चाकू से हमला करने वाले युवक की पहचान और हमले के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।