✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सीएसईबी विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी ने दूसरे कर्मचारी के हक की राशि को ही अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि के नाम पर मिलने वाली कुल 56 हजार 65 रुपये की रकम का गबन करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने हरीश कुमार साहू (35) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, तुलसीनगर कोरबा के कार्यपालन अभियंता कार्यालय की ओर से शत्रुहन कुमार सोनी ने दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी हरीश कुमार साहू को उसके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि आरोपी तुलसीनगर स्थित संभागीय कार्यालय में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत था। इसी दौरान उसने विभागीय प्रक्रिया का इस्तेमाल करते हुए एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि के कुल 56,065 रुपये आरटीजीएस के जरिए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए।
पूछताछ में आरोपी ने उक्त राशि अपने खाते में स्थानांतरित कर गबन करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 336, 340 एवं 238 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरीश कुमार साहू, पिता स्वर्गीय अंजोर साय, उम्र 35 वर्ष, निवासी सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व के रूप में हुई है। कोरबा पुलिस ने बताया कि जिले में आर्थिक अपराधों सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
