✍️ भागीरथी यादव
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने एसईसीएल अधिकारियों को दिए निर्देश, 21 अगस्त की प्रस्तावित जनसुनवाई आगे बढ़ाने कहा
कोरबा। मानिकपुर ओपन कास्ट एक्सपेंशन परियोजना के विस्तार को लेकर प्रस्तावित जनसुनवाई को फिलहाल आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उद्योग मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन ने एसईसीएल कोरबा के महाप्रबंधक से चर्चा कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित लोगों से संबंधित मुआवजा, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना (R&R) की प्रक्रिया पूरी होने तथा काचंदी नाला डायवर्सन की प्रारंभिक निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही जनसुनवाई आयोजित की जाए।
मानिकपुर ओपन कास्ट एक्सपेंशन परियोजना के तहत खदान की उत्पादन क्षमता को 5.25 एमटीपीए से बढ़ाकर 7.0 एमटीपीए किए जाने का प्रस्ताव है। इसके लिए 21 अगस्त 2026 को जनसुनवाई प्रस्तावित थी। मंत्री देवांगन ने प्रभावित क्षेत्र के लोगों की भावनाओं और लंबित प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए एसईसीएल अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, परियोजना से प्रभावित भिलाईखुर्द ग्राम में मार्च 2026 में किए गए सर्वे से संबंधित मुआवजा प्रकरण तथा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना से जुड़े कार्य अंतिम चरण में हैं। इनका अभी यथोचित निराकरण किया जाना बाकी है।
इसी तरह कुदरी ग्राम के पास काचंदी नाला डायवर्सन से संबंधित स्थल का जल संसाधन विभाग द्वारा निरीक्षण किया जाना है। नाला डायवर्सन को लेकर विभाग की प्रारंभिक निरीक्षण रिपोर्ट भी प्राप्त होना बाकी है।
मंत्री देवांगन ने निर्देशित किया कि प्रभावित लोगों के मुआवजा, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना से जुड़े सभी कार्यों का उचित निराकरण होने और जल संसाधन विभाग से काचंदी नाला डायवर्सन की प्रारंभिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही लोक सुनवाई कराई जाए।
इस निर्देश के बाद 21 अगस्त को प्रस्तावित जनसुनवाई को आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने तक स्थगित अथवा आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
